नीमच। शहर के यादव मंडी स्थित एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय का वीडियो सामने आया है, जिसमें स्कूली बच्चे परिसर में झाड़ू लगाते और कचरा इकट्ठा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला शिक्षिका भी बच्चों की ओर इशारा करती नजर आ रही हैं। विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक कुल 38 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और यहां दो शिक्षिकाएँ पदस्थ हैं, जिनमें से एक इन दिनों निर्वाचन कार्य (बीएलओ) में लगी हुई हैं।
वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इस पर विद्यालय की शिक्षिका चित्रा श्रीवास्तव ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि बच्चों से नियमित सफाई नहीं कराई जाती और विद्यालय में सफाईकर्मी भी नियुक्त है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो को गलत संदर्भ में प्रसारित किया गया है।
वहीं, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दोपहर के भोजन के बाद बच्चे स्वयं ही सफाई करने लगे थे। मामला संज्ञान में आने पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया ने इस कृत्य को अनुचित बताते हुए कहा कि वीडियो की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई तय की जाएगी। विभाग ने संबंधित शिक्षकों से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है। मामले की जांच जारी है।