देवास। वन स्टॉप सेंटर देवास द्वारा लिटिल नेप कम्पनी में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर देवास की सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर गोदावरी यादव द्वारा यौन उत्पीड़न से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम (POSH) अधिनियम, 2013 के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रावधान, शिकायत प्रक्रिया, आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका तथा नियोक्ताओं की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। साथ ही उनके द्वारा SHe-Box (Sexual Harassment Electronic Box) के बारे में भी जानकारी दी गई, जो कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों के ऑनलाइन पंजीकरण हेतु भारत सरकार द्वारा विकसित एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है। उन्होंने महिलाओं को बताया कि इस सुविधा के माध्यम से शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुँचती हैं, जिससे त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित होती है।
परामर्शदाता गरिमा पाठक द्वारा उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 181 महिला हेल्पलाइन, तथा वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध प्रमुख सेवाओं जैसे पुलिस सहायता, विधिक परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग, अस्थायी आश्रय, चिकित्सकीय सहायता एवं अन्य परामर्श सेवाओं बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। साथ ही महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में वे वन स्टॉप सेंटर से निःशुल्क एवं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।