इन्दौर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 400 केवी सबस्टेशन उज्जैन में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सबस्टेशन पर कार्यरत सभी तकनीकी एवं परिचालन कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से कार्य करने हेतु सक्षम बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान नगर निगम उज्जैन के अनुभवी फायरमैन अभिषेक तिवारी एवं विनोद राठौर ने आग लगने के विभिन्न कारणों, आग के प्रकारों तथा प्रारंभिक स्तर पर किए जाने वाले आवश्यक कदमों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही सबस्टेशन परिसर में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने आपात स्थिति में व्यावहारिक रेस्क्यू प्रक्रिया को समझा तथा अग्निशामक सिलेंडर, हाइड्रेंट सिस्टम, सुरक्षा उपकरणों और अन्य फायर फाइटिंग टूल्स का उपयोग करना सीखा।
फायर टीम द्वारा कर्मचारियों को आग बुझाने की सही तकनीक, फर्स्ट रिस्पांस टाइम, टीमवर्क का महत्व और विद्युत सबस्टेशनो में विशेष सावधानियों के बारे में भी अवगत कराया गया। इस प्रशिक्षण सत्र से आउटसोर्स कर्मियों सहित सभी कार्मिकों के अंदर न केवल सुरक्षा जागरूकता बढ़ाई, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों में तत्परता से कार्रवाई करने का आत्मविश्वास भी विकसित किया।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाले कार्मिकों मे संयोजक कार्यपालन अभियंता उज्जैन पंकज कुमार राय, सहायक अभियंता संतोष चवरासिया, कनिष्ठ अभियंता चंदर सिंह गुणवान, अर्जुन सिंह ङोलेकर सहित अन्य ऑपरेटिंग, मेंटेनेंस, सुरक्षा कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मी,सुपरवाइजर शामिल थे।