शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के नेशनल हाईवे-52 पर गिरवर ब्रिज के पास शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान विमल पिता कैलाश कुशवाहा के रूप में हुई है। घायलों में रुपेश पिता शिव कुशवाहा, दिव्यांश पिता राजेश सेन, ओम पिता महेश सौराष्ट्रीय, अनमोल पिता किशोर सूर्यवंशी और अंकित पिता जगदीश केवट शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को निजी वाहनों की सहायता से शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है जिला अस्पताल में घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के साथ लगातार निगरानी में रखा गया है। हादसे की खबर सुनकर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ बढ़ गई।