चित्तौड़गढ़। आगामी राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव को अधिक प्रभावी, आकर्षक और सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सांसद सी.पी. जोशी की अध्यक्षता में राजीविका के ब्लॉक एवं क्लस्टर स्तरीय स्टाफ की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में महोत्सव में राजीविका की भागीदारी, विभिन्न विशिष्ट स्थानीय उत्पादों की प्रस्तुति, तथा उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद जोशी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक क्लस्टर से उत्कृष्ट उत्पादों का चयन कर उन्हें आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने बेगू क्षेत्र के भीचोर के गुलाब जामुन और कनेरा क्षेत्र के प्रसिद्ध गोंद पाक के लिए विशेष स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से स्थापित हो।
जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. रमेशचंद्र धाकड़ ने बताया कि जिले में राजीविका के 39 क्लस्टर सक्रिय हैं और प्रत्येक क्लस्टर से एक विशिष्ट उत्पाद की स्टॉल लगाना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव में भागीदारी से राजीविका उत्पादों को अलग ब्रांड पहचान मिलेगी तथा महिला एसएचजी समूहों की ब्रांड वैल्यू भी बढ़ेगी।
नाबार्ड के डीडीएम महेंद्र सिंह डूडी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव में देशभर के लगभग 12 से 15 जीआई टैग प्राप्त उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे, जो आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। जिला उद्योग केंद्र के राहुल देव ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कई योजनाओं में स्वयं सहायता समूहों को 90 प्रतिशत तक की छूट का लाभ प्राप्त हो सकता है।