नीमच/मनासा। मनासा नगर में शुक्रवार को एक युवक द्वारा सल्फास जैसे जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास करने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में युवक को नीमच जिला चिकित्सालय के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
घटना मारू ट्रैक्टर शोरूम के समीप हुई। युवक की पहचान अलेहड़ निवासी अशोक पिता कैलाश माली (30 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अचानक हुए इस आत्मघाती कदम के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और उसे तत्काल मनासा के स्थानीय अस्पताल ले गए।
सल्फास की घातकता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात उसे ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती किया गया। उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मनासा पुलिस मामले की जांच कर रही है।