महेश्वर। जनजाति कार्य विभाग द्वारा संचालित नगर शासकीय कन्या शिक्षा परिसर महेश्वर में शुक्रवार शाम को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता वह अन्य कार्यकर्ताओं से हुए विवाद के बाद शनिवार सुबह हॉस्टल और स्कूल में जबरदस्त हंगामा मच गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के जिला संयोजक रौनक सोनी पर तत्काल कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर 200 से अधिक छात्राओं ने धामनोद-बड़वाह राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। छात्राओं ने रौनक सोनी के खिलाफ श्हाय-हायश् के नारे लगाए। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बावजूद, छात्राएं नहीं मानी और पैदल ही मंडलेश्वर थाना की ओर निकल गईं। छात्राओं ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शुक्रवार को एबीवीपी के छात्रों ने हॉस्टल स्टाफ के खिलाफ भड़काने की कोशिश की। इस मामले में प्रशासन के संज्ञान में होने और अधीक्षिका द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद जब रात भर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तब यह कदम उठाना पड़ा। चक्का जाम होने की वजह से यात्रियों और राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।