नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार फील्ड निरीक्षण के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने 29 नवंबर को बघाना क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर जांचने पर 25 में से 6 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
सीएमओ ने लंबे समय से बिना सूचना अनुपस्थित 2 कर्मचारियों को सेवा से पृथक करने तथा 4 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। साथ ही सफाई कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को ड्रेस कोड में कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नालियों में गंदगी एवं सड़क पर कचरा मिलने पर उन्होंने संबंधित क्षेत्र के दरोगा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। निरीक्षण में स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक एवं स्वच्छता निरीक्षक अविनाश घेघट भी उपस्थित रहे।
कारगिल चौराहा क्षेत्र में सड़क किनारे बांधे गए निराश्रित पशुओं को देखकर सीएमओ ने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि पशुपालक का पता लगाकर पशुओं को तुरंत हटवाया जाए। बामनिया ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आवारा पशुओं व अन्य समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।