नीमच। यातायात प्रभारी सोनू बडगुर्जर द्वारा शहर में लगातार चलाए जा रहे सघन जांच अभियान का प्रभाव साफ नजर आ रहा है। शनिवार को वे अपनी टीम प्रधान आरक्षक नाहर सिंह व प्रधान आरक्षक दिनेश कर्णिक के साथ अचानक बस स्टैंड पहुंचे और बसों की गहन जांच की।
टीम ने बसों में इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स, महिलाओं के लिए आरक्षित सीट, स्पीड गवर्नर सहित वाहन दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान नियम विरुद्ध पाई गई दो बसों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 10,000 शमन शुल्क वसूला गया।
यातायात प्रभारी ने सभी बस चालकों व कंडक्टरों को साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में रहने तथा वाहन के समस्त दस्तावेज पूर्ण रखने की सख्त हिदायत दी।
यातायात प्रभारी सोनू बडगुर्जर ने कहा पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में नियम विरुद्ध चलने वालों को समझाइश दी जा रही है, जबकि अवहेलना करने पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। जनता से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें।