प्रतापगढ़। रठाजना थाना क्षेत्र के साबाखेड़ा गांव में हाई कोर्ट के आदेश पर आज चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा टल गया। कार्रवाई के बीच एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया। 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति सामान्य बताई। व्यक्ति की पहचान यूनुस अहमद मंसूरी, प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
एसडीएम अश्विन मालू ने बताया कि हाई कोर्ट के निर्देश पर चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। प्रशासन द्वारा यहां अवैध रूप से बनाए गए 10 मकानों को हटाया गया। इसी दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और एक व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया।
रठाजना थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, जिसके बाद आज यह कार्रवाई की गई। इसके साथ ही कार्रवाई से प्रभावित दो परिवारों के लिए ग्राम पंचायत भवन में अस्थायी आवास की व्यवस्था की गई है।