कुकड़ेश्वर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति द्वारा ग्राम नई ननौर में जल संचय अभियान के तहत सराहनीय पहल की गई। जिला समन्वयक वीरेंद्र सिंह ठाकुर तथा ब्लॉक समन्वयक महेंद्र पाल सिंह भाटी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नाले पर बोरी बंधान कर पानी रोकने का सामूहिक कार्य किया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था प्रमुख भगवती प्रसाद सोनी, ग्राम पंचायत सरपंच राजेश तावड़, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। नाले में मिट्टी डालकर उस पर मिट्टी से भरी बोरियां रखकर जल रोकने का प्रभावी कार्य किया गया।
इस अवसर पर भगवती प्रसाद सोनी ने बताया कि “बरसात के बाद बहकर निकल जाने वाले पानी को बोरी बंधान कर रोकना बेहद जरूरी है। इससे जमीन में जल का रिसाव बढ़ता है, कुएं व हैंडपंप रिचार्ज होते हैं और लंबे समय तक जल उपलब्ध रहता है। साथ ही पशुधन के लिए भी पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहती है।
ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर जल संरक्षण के प्रति गंभीरता दिखाते हुए नाले पर बोरी बंधान पूरा किया।
कार्यक्रम में विकास खारोल, दिनेश धनगर, कन्हैयालाल खारोल, प्रभुलाल धनगर, देवीलाल धनगर, हितेश तावड़, सीताराम धनगर, भगतराम धनगर, देवकिशन धनगर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।