रतलाम। मुस्कान विशेष अभियान एवं महिला-बच्चों में साइबर सुरक्षा जागरूकता के तहत पुलिस अधिकारी इन दिनों स्कूलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जावरा नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान तथा औद्योगिक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान सोहनगढ़ स्थित जेनिथ पब्लिक हाई स्कूल पहुँचे और छात्रों से संवाद किया।
अधिकारियों ने छात्रों को साइबर क्राइम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, करियर मार्गदर्शन सहित महिला व बच्चों से संबंधित अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, सुरक्षा उपाय, तथा मदद हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
मोबाइल एवं सोशल मीडिया के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी मुस्कान विशेष अभियान 1 से 30 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गुम हुई बालिकाओं की तलाश के साथ-साथ स्कूली छात्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पुलिस अधिकारी शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्रों से प्रत्यक्ष संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के अलावा स्कूल स्टाफ भी उपस्थित रहा।