मनासा। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश तथा पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में प्रदेशभर में गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश हेतु 01 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक ऑपरेशन मुस्कान अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के विशेष निर्देश दिए गए थे।
इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनासा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 15 वर्षीया नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने में अहम सफलता प्राप्त की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 21 नवंबर 2025 को पीड़ित पक्ष द्वारा थाना मनासा पर अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 517/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
थाना मनासा की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे गुमशुदा बालिका की तलाश में लगाया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की सहायता तथा निरंतर संभावित स्थानों पर गश्त करते हुए कौशलपूर्ण कार्रवाई की। परिणामस्वरूप पुलिस ने 30 नवंबर 2025 को नाबालिग बालिका को सफलतापूर्वक दस्तयाब कर लिया।
सराहनीय कार्य-
इस कार्रवाई में थाना मनासा के सहायक उप निरीक्षक पन्नालाल चौहान तथा साइबर सेल नीमच के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले में एक और उल्लेखनीय सफलता जुड़ी है।