उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु यादव और बहू इशिता रविवार को उज्जैन के सांवराखेड़ी में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह बंधन में बंधेंगे। सीएम के परिवार की इस अनूठी पहल की पूरे प्रदेश में चर्चा है।
अभिमन्यु–इशिता सहित कुल 22 जोड़े सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक साथ फेरे लेंगे। सभी दूल्हा-दुल्हन घोड़ी और बग्घियों पर सवार होकर शोभायात्रा के रूप में विवाह स्थल पहुंचे। इस दौरान वातावरण उत्सवधर्मी रहा और जगह-जगह आनंद का माहौल दिखाई दिया।
अभिमन्यु यादव बोले "सामूहिक सम्मेलन में विवाह करना डबल खुशी"
बारात के दौरान सीएम के बेटे अभिमन्यु ने कहा हम सामूहिक सम्मेलन में शादी कर रहे हैं, यह हमारे लिए डबल खुशी का अवसर है। इतना भव्य और सुंदर आयोजन देखकर मन प्रसन्न है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि हमारा आगे का जीवन सुखमय रहे।
नेताओं और संतों सहित कई वीवीआईपी को आमंत्रण-
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल सांवराखेड़ी (वाकणकर ब्रिज के समीप) पर होने वाले सम्मेलन के लिए देशभर के 8 राज्यपाल, 11 मुख्यमंत्री और लगभग 25 संतों को आमंत्रित किया गया है। सीएम परिवार द्वारा किए जा रहे इस भव्य और सामाजिक दृष्टि से प्रेरणादायक आयोजन को लेकर शहर में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा।