मनासा। रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी सलमान का पुलिस के साथ शॉर्ट एनकाउंटर होने के बाद मनासा में आक्रोश की लहर है। इसी के विरोध में गोगलिया खेड़ी निवासी पवन शर्मा अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ कारगिल चौराहा पर अनोखे तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं।
तेज धूप में खड़े पवन शर्मा और उनकी बेटियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था “बेटियां मांगे इंसाफ, शॉर्ट एनकाउंटर नहीं… फांसी चाहिए।”
पवन शर्मा ने कहा कि रायसेन में 6 वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के आरोपी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए, तभी पीड़ित परिवार को वास्तविक इंसाफ मिलेगा। उन्होंने बताया कि वे सुबह से शाम तक चौराहे पर खड़े रहेंगे और जब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी उनके पास नहीं पहुंचता, विरोध जारी रहेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि ऐसे जघन्य अपराधों के दोषियों के लिए फांसी की सख्त और त्वरित सजा का कानून बनाया जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसे अपराध की सोच भी न सके। पवन शर्मा ने यह भी घोषणा की कि प्रशासन से बातचीत होने तक वे अन्न त्याग कर विरोध जारी रखेंगे।