मंदसौर। शहर के नारायण नगर गोल्ड क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय रहवासी दहशत और आक्रोश में हैं। रविवार रात दो घरों में चोरी और दो मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त नगण्य है, जिसके कारण चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हसीना उमराह रिश्तेदारों को मुंबई छोड़ने गई थीं, इस दौरान चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। जांच में सामने आया कि घर से एलईडी टीवी, करीब 3 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। पीड़िता ने कहा कि पुलिस ने मौके का मुआयना तो किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चोरी गए माल की बरामदगी और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
स्प्लेंडर बाइक भी उड़ा ले गए चोर-
क्षेत्र के निवासी इरफान ने बताया कि उनकी स्प्लेंडर बाइक घर के बाहर खड़ी थी, जिसे चोर उठा ले गए। उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं हैकृकॉलोनी में लगातार बाइक चोरी हो रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
इस साल 10 से ज्यादा चोरी हुई-
रहवासी मोहम्मद इमरान ने बताया कि कॉलोनी में इस वर्ष 10 से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले चोर एक घर से एलईडी के साथ सीसीटीवी कैमरे का पूरा सिस्टम तक निकालकर ले गए। तीन दिन पहले एक मजदूर की गाड़ी चोरी हुई, लेकिन पुलिस सिर्फ पंचनामा कर लौट गई।
सुबह उठे तो गाड़ी गायब
रहवासी साजिद अली शाह ने बताया कि सुबह जब वे बाहर निकले तो उनकी गाड़ी भी गायब मिली। उन्होंने कहा कि पिछले 8-10 दिनों में तीन-चार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। यदि पुलिस नियमित गश्त करे तो हालातों में सुधार संभव है।
घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चार संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान में जुटी है। इस संबंध में एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त जारी है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।