नीमच। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नीमच, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 3 दिसंबर 2025 को विश्व दिव्यांग दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा।
कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के आदेशानुसार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव और डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक, सामाजिक न्याय विभाग पराग जैन के निर्देशन में आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम 3 दिसंबर, बुधवार सुबह 10 बजे से क्रमांक 02 विद्यालय के खेल मैदान एवं सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास के सामने आयोजित होगा।
विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर खेल मैदान पर उपस्थित सभी दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात युवा एवं खेलकूद विभाग के सहयोग से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी, जिनमें 6 से 14 वर्ष, 14 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के दिव्यांगजन सहभागिता कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त चित्रकला, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी दिव्यांगजनों के लिए सामूहिक सहभोज का आयोजन भी रहेगा।