नीमच। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में आज “एड्स जागरूकता संकल्प सघन अभियान” की शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता शपथ ग्रहण कार्यक्रम और संकल्प हस्ताक्षर अभियान से हुई। प्रत्येक वर्ष 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाने का उद्देश्य एचआईवी/एड्स के संक्रमण के प्रमुख कारणों के बारे में जन-जन को जागरूक करना है, ताकि इस गंभीर बीमारी के प्रसार को रोका जा सके।
विश्व एड्स दिवस 2025 का संदेश है कि एचआईवी/एड्स के विरुद्ध लड़ाई केवल चिकित्सीय चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक एवं मानवाधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय भी है। यह दिवस समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और भेदभाव मिटाने का संदेश देता है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं को एड्स जागरूकता की शपथ दिलाई और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
रेड रिबन क्लब के वालंटियरों ने इस वर्ष 5,000 जागरूकता संकल्प पत्र भरवाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अभियान की शुरुआत की। यह संकल्प हस्ताक्षर अभियान न केवल महाविद्यालय परिसर में चलेगा, बल्कि महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्रामों में भी जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही विश्व एड्स दिवस पखवाड़े के अंतर्गत महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएँ- पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी।