देवास। भोपाल से पुणे तक 750 किमी की दूरी तय करने निकला सेना का हॉट एयर बैलूनिंग अभियान आज सुबह आष्टा से उड़ान भरकर देवास जिले के ग्राम नेवरी पहुंचा। बैलून ने 10: 30 बजे नेवरी-मऊखेड़ा मार्ग पर खेत में सुरक्षित लैंडिंग की। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण बैलून देखने उमड़ पड़े।
कमांड पायलट लेफ्टिनेंट कर्नल आशुतोष कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं व बच्चों को आर्मी में भर्ती होने के लिए प्रेरित करना है। वे 200 घंटे से अधिक उड़ान अनुभव वाले एचएबी विशेषज्ञ हैं और अब तक 25 से ज्यादा डेमो कर चुके हैं।
उनके साथ सेना की टीम में सूबेदार यूएन सिंह, हवलदार एस पलानी, हवलदार भट्टाचार्य, हवलदार घोष, हवलदार दीपक मीना सहित कई जवान मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आर्मी की चार गाड़ियाँ भी साथ रहीं।
ग्रामीणों ने जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के नारे लगाए। बच्चों ने सैनिकों को सलामी देकर उत्साह बढ़ाया।