उज्जैन। बड़नगर की चामला नदी में कूदे युवक-युवती के मामले में दुखद अपडेट सामने आया है। रविवार रात चामला ब्रिज से कूदे दोनों की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार फरदीन उर्फ़ वारिस पिता इस्लामउद्दीन (19 वर्ष), निवासी बिरगोदा नाथु, एक युवती के साथ बाइक से चामला ब्रिज पर पहुंचा था। दोनों ने बाइक ब्रिज पर खड़ी की और अचानक नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीओपी महेंद्र परमार के अनुसार पहले युवक का शव बरामद किया गया और थोड़ी देर बाद युवती का शव भी नदी से मिल गया। फिलहाल युवती की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उसके परिवार और रहने की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसडीओपी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना प्रेम-प्रसंग के चलते हुई या किसी और कारण से दोनों ने यह कदम उठाया। उनकी पृष्ठभूमि, आपसी संबंध, मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया है। शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों एक ही बाइक से आए थे और ब्रिज पर पहुंचते ही सीधे नीचे कूद गए। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आएंगे।