देवास। कृषि मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र में लगातार खाद न मिलने से परेशान किसानों का गुस्सा आज फूट पड़ा। नाराज़ किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से खाद लेने आ रहे हैं, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कुछ किसान तो सुबह 3 बजे से लाइन में लग जाते हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल रही। कई बार चक्कर लगाने के बावजूद खाद उपलब्ध न होने से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। किसानों ने स्पष्ट कहा कि समय पर खाद ना मिलने से फसलों पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है, ऐसे में सड़क पर उतरना उनकी मजबूरी बन गया है।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन का दावा है कि केंद्र पर पर्याप्त खाद उपलब्ध है और नियमित वितरण किया जा रहा है। लेकिन किसानों के आरोपों और उनके विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैंकृयदि खाद पर्याप्त है, तो किसान सड़कों पर क्यों उतर रहे हैं?
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, वहीं किसान अपनी मांगों के समाधान तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं।