खजुराहो। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने संसद के शीतकालीन सत्र में लोकसभा- नियम 377 के अंतर्गत, खजुराहो विश्व धरोहर परिसर के आसपास बढ़ते अवैध अतिक्रमण पर ध्यानाकर्षण करने की कोशिश करेंगे। संसद के स्पीकर को लिखे पत्र में मध्यप्रदेश स्थित खजुराहो विश्व धरोहर परिसर के आसपास लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण, अनाधिकृत निर्माण और नियमनहीन विकास गतिविधियों की ओर ध्यान देने की बात कही है।
कंदरिया महादेव, देवी जगदम्बी, पार्श्वनाथ सहित खजुराहो समूह के मंदिर न केवल यूएनईएससीओ द्वारा विश्व धरोहर घोषित हैं, बल्कि एएसआई के संरक्षण में आने वाले अत्यंत संवेदनशील सांस्कृतिक ऐतिहासिक धरोहर स्थल हैं। यही नहीं खजुराहो सांसद ने वर्ष 2022 में कैग (सीएजी) रिपोर्ट संख्या 10, का भी जिक्र करते हुए लिखा है सीएजी रिपोर्ट में खजुराहो सहित विभिन्न संरक्षित स्मारकों के आसपास अतिक्रमण, बफर-ज़ोन प्रबंधन में गंभीर कमियां तथा निगरानी तंत्र की कमजोरियां पाई गई हैं।
बीते वर्षों में एएसआई ने खजुराहो के बफर-जोन में अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों की जांच भी की है। इन अनधिकृत गतिविधियों से स्मारकों की मूल संरचना, उनकी प्राचीनता, स्थानीय धार्मिक आस्था और इस क्षेत्र की पर्यटन-आधारित अर्थव्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है, जो पुरातत्व अधिनियम का भी प्रत्यक्ष उल्लंघन है।