इंदौर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) फूड एंड सेफ्टी ऑफिसर भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुट गया है। यह परीक्षा आगामी 14 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 67 पदों के लिए राज्यभर से 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए करीब 716 अभ्यर्थी आमने-सामने होंगे। बुधवार से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इंदौर में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए जाने की तैयारी है।
आयोग इंदौर के ओएसडी डॉ. आर. पंचभाई ने बताया कि यह वही परीक्षा है जो पिछले वर्ष आयोजित होने वाली थी, लेकिन रद्द हो गई थी। इस बार पदों की संख्या कम होकर आई है। काफी समय बाद होने जा रही इस परीक्षा के लिए इंदौर के कई स्कूल-कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।
2024 में होनी थी यह परीक्षा
जानकारी के अनुसार, इससे पहले 120 पदों के लिए निकली वैकेंसी को अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता में तकनीकी गड़बड़ियों के कारण अप्रैल 2024 में रद्द कर दिया गया था। इसके बाद नई अधिसूचना जारी की गई और अब यह परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा दोपहर 12 से 3 बजे तक
फूड एंड सेफ्टी ऑफिसर परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड पर निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा को सफल और नकल-मुक्त कराने के लिए आयोग की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
स्मार्ट वॉच, मेटालिक बैंड प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को कई प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वस्तुओं की सूची एडमिट कार्ड पर दी जाएगी। इनमें मेटालिक बैंड, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरण शामिल हैं।