रतलाम। शहरों की तरह अब गांव भी हाई-टेक निगरानी प्रणाली की ओर बढ़ रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ती चोरी और छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मुहिम तेज कर दी है। इसी पहल के तहत जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र के गांव सरसी में थाने और ग्रामीणों के सहयोग से करीब 10 कैमरे लगाए जा चुके हैं। थाना प्रभारी ने इस प्रोजेक्ट को “त्रिनेत्र” नाम दिया है। उनका कहना है कि कैमरे लगने से अपराधियों की गतिविधियों पर तुरंत नज़र रखी जा सकेगी, जिससे पुलिस को अपराध रोकने और आरोपियों को पकड़ने में बड़ी मदद मिलेगी।
थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी ने बताया कि सरसी से शुरुआत होने के बाद अब अन्य गांवों में भी यह काम तेजी से शुरू किया जाएगा। ग्राम प्रधानों को प्रेरित किया जा रहा है कि गांव की प्रमुख गलियों, चौराहों, स्कूल मार्गों और मुख्य सड़कों पर कैमरे लगवाएं। लक्ष्य है कि हर गांव में कम से कम 10 कैमरे लगाए जाएं। चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार के अनुसार सरसी में कैमरे गांव की सभी महत्वपूर्ण जगहोंकृमुख्य सड़क, स्कूल, चौराहा और मुख्य मार्गकृपर लगाए गए हैं। यह कैमरे जल्द ही पूरी तरह एक्टिवेट किए जाएंगे, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नज़र रखी जा सके। ग्रामीणों का मानना है कि यह पहल गांव में सुरक्षा की नई परिभाषा तय करेगी और आपराधिक घटनाओं में बड़ी कमी लाएगी।