नीमच। बीते 11 नवंबर को नीमच के हरवार फोफलिया के बीच सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई रेखा सेन की आज मौत हो गई। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के पश्चात परिजन रेखा सेन का शव लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां समाजजनो और परिजनों ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सोंपा।
बताते चले कि सड़क हादसे में रेखा सेन के पति कारू लाल सेन की पहले ही मौत हो गई थी। जबकि पत्नी गम्भीर रूप से घायल हो गई थी। आज रेखा सेन ने भी दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद ग्रामीण एकत्रित हुए और कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां एसडीएम संजीव साहू के सामने उन्होंने बच्चों की पीड़ा रखी। ग्रामीणों ने मांग की कि हादसे में माता पिता दोनों की मौत के बाद बच्चों का जीवनयापन करना दूभर हो गया है। एक बच्चा पशु चिकित्सालय में अस्थायी तौर पर कार्य करता है उसे स्थायी नौकरी दी जाए और बच्चों की पढ़ाई और जीवन यापन के लिए आर्थिक सहायता दी जाए। एसडीएम संजीव साहू ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।