नीमच। अजाक्स नाजी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने समाज में सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों और अजाक्स प्रांताध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध की गई “मनमानी कार्यवाही” को रोकने की मांग करते हुए संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने स्पष्ट किया कि श्री वर्मा के उद्बोधन को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत कर समाज में अनावश्यक वैमनस्य फैलाया जा रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि 23 नवंबर 2025 को भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में नवनियुक्त प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा (IAS) ने 27 मिनट का उद्बोधन दिया था, जो सामाजिक समरसता, सद्भाव, जातिवाद उन्मूलन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की विचारधारा पर आधारित था। उनका वक्तव्य रोटी–बेटी के संबंधों के माध्यम से सामाजिक एकता, हिंदू समाज में एकाकारता और जाति-पांति से ऊपर उठकर मानवता व संविधान को सर्वोपरि मानने की प्रेरणा देता है।
भ्रामक वीडियो बनाकर फैलाया जा रहा वैमनस्य ज्ञापन
संगठनों ने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित तत्व, दलित एवं आदिवासी विरोधी मानसिकता रखने वाले समूह तथा निजी स्वार्थ से प्रेरित संगठन संतोष वर्मा के 27 मिनट के उद्बोधन को 7 सेकंड की वीडियो क्लिप बनाकर भ्रामक रूप से प्रसारित कर रहे हैं, जिससे सामाजिक तनाव उत्पन्न हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि यह कृत्य भारतीय संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।
संयुक्त संगठनों की प्रमुख माँगें
संतोष वर्मा (IAS), अध्यक्ष AJJAKS मध्यप्रदेश के विरुद्ध जारी कारण बताओ नोटिस तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले व्यक्तियों/समूहों के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
शासन एक स्वतंत्र समिति गठित करे, जो पूरे प्रकरण की जांच करे और यह सुनिश्चित करे कि आदिवासी एवं वंचित वर्ग के वरिष्ठ अधिकारियों को बेवजह प्रताड़ित न किया जाए।
सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के लिए “अनुलोम–विलोम विवाह योजना” को और अधिक सशक्त रूप में लागू किया जाए।
पदाधिकारियों की उपस्थिति-
ज्ञापन सौंपते समय अजाक्स जिला अध्यक्ष यशवंत कुमार गोयल, महेश जांगड़े, लाखन सिंह मौर्य, सुरेश वर्मा, गुणवंत तंवर, गोवर्धन सालवी, कैलाश चंद्र टायड, अशोक सूर्यवंशी, दुर्योधन सोलंकी, राजकुमार जांगड़े, जितेंद्र मेघवाल, विक्रम परिहार, रामूराम डागर, वैभव मालवीय, नाथूलाल शोकरिया, प्रहलाद डांगी;
नाजी संभागीय अध्यक्ष नंदकिशोर धोवावत, नाजी जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार बायड, धन्नालाल तंवर, पुष्कर साल्वी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।