भोपाल। 1814 करोड़ रुपए के बहुचर्चित एमडी ड्रग्स कांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच एजेंसियों ने मुख्य आरोपियों हरीश आंजना और प्रेमसुख पाटीदार की 21 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्तियों को SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Act) के तहत फ्रीज कर दिया है।

फ्रीज की गई संपत्तियों में खेती की जमीन, मकान, प्लॉट, वाहन सहित कई ऐसी संपत्तियाँ भी शामिल हैं, जो आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर खरीदी थीं। SAFEMA कार्रवाई के बाद इन संपत्तियों का नामांतरण या बिक्री अब संभव नहीं होगी।

हरीश आंजना की 15 और प्रेमसुख की 39 संपत्तियाँ चिह्नित-
जांच के दौरान टीम ने राजस्व विभाग से प्राप्त रिकॉर्ड के आधार पर विस्तृत डेटा तैयार किया। हरीश आंजना की 15 संपत्तियाँ कुल 11.9 करोड़ रुपए मूल्य की पाई गईं, जबकि प्रेमसुख पाटीदार की 39 संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 9.8 करोड़ रुपए आंका गया। प्रेमसुख वर्तमान में जमानत पर जेल से बाहर है।

कांग्रेस नेता के परिजन की संपत्तियाँ भी फ्रीज-
जांच में यह भी सामने आया कि प्रेमसुख के जीजा और कांग्रेस नेता राकेश पाटीदार की तीन संपत्तियाँ भी संदिग्ध लेन-देन और निवेश के आधार पर SAFEMA के तहत फ्रीज की गई हैं। इन संपत्तियों को भी आरोपी के आर्थिक नेटवर्क से जुड़ा माना गया है।

मुंबई SAFEMA कोर्ट को भेजी गई रिपोर्ट-
जांच एजेंसियों ने पूरी रिपोर्ट सितंबर 2025 में मुंबई SAFEMA कोर्ट को भेजी थी। कोर्ट की स्वीकृति के बाद अब सभी फ्रीज की गई संपत्तियों पर कानूनी प्रतिबंध लागू हो गया है।
