देवास। उपसंचालक पशु पालन एवं डेयरी विभाग देवास डॉ. एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पशुपालकों का दुग्ध उत्पादन दोगुना करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान कार्यक्रम आयोजन का द्वितीय चरण माह दिसम्बर 2025 में पशुपालन विभाग के सभी कर्मचारियों एवं मैत्री गौसेवकों द्वारा किया जा रहा है। इस अभियान में 05 से 09 तक दुधारू पशु रखने वाले पशुपालकों को घर-घर जाकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाये जाने से संबंधित जानकारियां एवं व्यवहारिक उन्नत तकनीकी से अवगत कराया जावेगा। साथ ही उन्नत पशु नस्ल, रखरखाव, स्वास्थ्य प्रबंधन, आहार प्रबंधन आदि विषयों पर आवश्यक जानकारी प्रदाय की जावेगी।
उपसंचालक पशु पालन एवं डेयरी विभाग ने बताया कि उक्त अवधि में आयोजित होने वाले इस अभियान का, जिले के विभिन्न स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निगरानी एवं सत्यापन भी किया जावेगा। उन्होंने सभी पशुपालकों से निवेदन व अपील है कि वे विभागीय कर्मचारियों से सम्पर्क के दौरान आवश्यक समस्त जानकारी प्राप्त करें एवं अपना दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उपयुक्त आवश्यक तकनीक एवं उचित तरीका अपनाने की कार्यवाही करें ताकि दुग्ध उत्पादन अधिक से अधिक बढ़ाया जा सके।