नीमच। विश्व दिव्यांग दिवस पर जहां जिला स्तरीय समारोह में दिव्यांग कल्याण से जुड़े दावे और घोषणाएँ गूंज रहीं थीं, वहीं दूसरी ओर समारोह स्थल के सामने बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपनी लंबित मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। दिव्यांगजन ने सरकार पर वादाखिलाफी और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया।
दिव्यांग ज्योति सेवा संस्था के अध्यक्ष रामप्रकाश बलदेवा ने कहा कि प्रदेश के लगभग 18 लाख दिव्यांगजन आज स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने चुनावी मंच से सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 600 से बढ़ाकर 1500 करने की घोषणा की थी, लेकिन 29 माह बीत जाने के बाद भी यह निर्णय फाइलों में अटका हुआ है।
उन्होंने यह भी बताया कि नीमच के एयरपोर्ट रोड पर मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए लगभग 20 वर्ष पूर्व भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन आज तक भवन निर्माण प्रारंभ नहीं हो सका। इसी प्रकार नगर पालिका नीमच ने जनवरी 2022 में शो रूम चौराहा स्थित अंबेडकर पार्क क्षेत्र में दिव्यांग पार्क के लिए भूमि आवंटित की थी। स्थानीय विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा इसके लिए 2 लाख की राशि भी उपलब्ध कराई गई थी, किंतु जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते आज तक निर्माण की एक भी ईंट नहीं लग पाई।
दिव्यांगजनों का कहना है कि सरकार घोषणाएँ तो करती है, लेकिन न तो पेंशन में वृद्धि हो रही है, न विद्यालय का निर्माण आगे बढ़ रहा है और न ही दिव्यांग पार्क का कार्य शुरू हो पा रहा है। ऐसे में दिव्यांगजन स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।