मुरैना। जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव आज बुधवार को कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने निकल पड़े। सबसे पहले वह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पहुंचे। सुबह 11 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में खुद डीईओ की कुर्सी खाली देखकर जिपं सीईओ हैरान रह गए। इसके अलावा 10 से 12 कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान डीईओ परिसर में पसरी गंदगी, कचरे को देख नाराजगी जताई। रिकार्ड रूम में टपकती छत व जर्जर हाल रिकार्ड पर भी सीईओ ने कर्मचारियों को फटकार लगाई है। जिपं सीईओ ने कहा कि डीईओ सहित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस देकर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि समय पर आफिस नहीं आना लापरवाही है, वह आगे भी अन्य कार्यालयों का इसी तरह औचक निरीक्षण करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाद बीटीआइ कार्यालय का भी जिपं सीईओ ने निरीक्षण किया, यहां भी तीन से चार कर्मचारी गैर हाजिर मिले।