ग्वालियर। ग्वालियर चंबल अंचल खाद्य सामग्री में मिलावट के लिए बदनाम हो चुका है। इसी कड़ी में घर मे उपयोग होने वाली हल्दी, मिर्ची और धनिया में रंग मिलाने के साथ अखाद्य सामग्री मिलाई जाने की सूचना पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने दाल बाजार में छापामार कार्रवाई की। तीन मसाला पिसाई केंद्रों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मिलावट पाई, जिसके चलते लाखो रुपये के मसाले जब्त किए। जिनके नमूने जांच के लिए भेजे गए है।
दरअसल ग्वालियर में खाद्य एवं औषधि विभाग को सूचना मिली थी कि दाल बाजार क्षेत्र में संचालित मसाला मिसाई केंद्रों पर घर के दैनिक उपयोगी मसालों में केमिकल रंग समेत अन्य तरह से मिलावट की जा रही है। इसी कड़ी में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने दाल बाजार पहुंची। जहां टीम को देख व्यापारियों के होश उड़ गए। इस उड़नदस्ते ने तीन पिसाई केंद्रों पर छापामार कार्रवाई की। टीम बालाजी पिसाई केंद्र, ओमकार पिसाई केंद्र समेत जय बालाजी पिसाई केंद्र पहुंची। जहां भारी मात्रा में हरा, लाल और पीला रंग मिला। हरे रंग को धनिया में लाल रंग को मिर्ची पाउडर में और पीले रंग को हल्दी पाउडर में मिलाकर पैक कर बेचा जाता था।