मुरैना। जौरा क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया बुरावली गांव के पास नहर के रास्ते से गुजर रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पानी से भरी नहर में जा गिरी बोलेरो में नवविवाहित दंपती, छह माह की बच्ची सहित कुल सात लोग सवार थे घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने सभी को समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, धमकर गांव निवासी रूपनारायण उर्फ मनीष जादौन की शादी 30 नवंबर को हुई थी। मंगलवार को वे अपनी नवविवाहिता, परिवारजनों और छह माह की बच्ची के साथ बहरारा माता मंदिर पूजा के लिए गए थे। लौटते समय बोलेरो दूल्हा मनीष ही चला रहा था।
बताया जा रहा है कि रास्ते में उन्हें अचानक नींद का झपका आ गया, जिससे गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो सीधा नहर में जा गिरी। नहर में करीब छह से सात फीट गहरा पानी होने के कारण गाड़ी आधे से ज्यादा डूब गई।
ग्रामीणों की तत्परता से बची जानें
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी नहर में गिरते ही सभी सवार किसी तरह ऊपर की तरफ निकलकर वाहन की छत पर चढ़ गए। ग्रामीणों ने तुरंत रस्सी और अन्य साधनों की मदद से एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में बोलेरो को भी नहर से बाहर निकाल लिया गया। वही जौरा थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, ग्रामीण सभी को सुरक्षित बाहर निकाल चुके थे। किसी प्रकार की हानि नहीं हुई है।