नीमच। नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बुधवार को शहर में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नाले पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान सीएमओ बामनिया डॉक बंगले के सामने पहुंचे, जहां नाले पर बड़े त्रिपाल लगाकर स्वेटर एवं माला बेचने का अतिक्रमण पाया गया। उन्होंने संबंधित विक्रेताओं को नाले पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने दुकानदारों और होटल संचालकों को साफदृसफाई रखने व डस्टबिन का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
मवेशियों, कंडे जमाने व कचरा फैलाने वालों पर सख्ती-
निरीक्षण के दौरान सड़क पर बंधे मवेशियों के मालिकों को नोटिस जारी कर उन्हें तुरंत हटाने के लिए कहा गया। सड़क पर कंडे जमाने और कचरा फैलाने वालों को भी चेतावनी दी गई कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाह सफाई कर्मियों पर कार्रवाई-
सीएमओ ने सफाई कर्मचारियों का ड्यूटी रजिस्टर भी चेक किया। कार्य में लापरवाही बरतने और अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को नोटिस जारी कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए। सीएमओ दुर्गा बामनिया ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज और अविनाश गैंगट भी उपस्थित रहे।