देवास। कांग्रेस महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रीना बोरासी के भोपाल जाते समय देवास में हुए स्वागत कार्यक्रमों के दौरान अव्यवस्था का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने कई कार्यकर्ताओं और लोगों की जेब काट दी। वहीं कई मोबाइल फोन भी चोरी हो गए।
घटना का पता तब चला जब स्वागत कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोग अपनी जेबें टटोलने लगे। कुछ कार्यकर्ताओं ने बताया कि भीड़ का लाभ उठाकर संगठित तरीके से चोरी की गई है।
इस मामले को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी सहित कई कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे। यहाँ उन्होंने थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा को लिखित शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने बताया की “स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान कई कार्यकर्ताओं के मोबाइल और पैसे चोरी हो गए। हमने थाना प्रभारी को शिकायत दी है। उम्मीद है पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ेगी।”
जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा की “यह बहुत गंभीर मामला है। कार्यक्रम में आए लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। हमने सभी पीड़ितों के आवेदन पुलिस को सौंप दिए हैं। जिला कांग्रेस संगठन चोरी की हर घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।”
थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने कहा की “कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस अब जल्द वीडियो फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर चोरी की घटनाओं का सुराग तलाशने में जुट गई है।
देवास से ब्यूरो चीफ अभिषेक सोनी की रिपोर्ट