भोपाल। एमपी के प्रमोटी आईएएस और अजाक्स के प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा के पर कार्रवाई को लेकर बीजेपी-कांग्रेस के ब्राह्मण नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को ब्राह्मण नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर आईएएस संतोष वर्मा पर कार्रवाई की मांग की।
अब सिरोंज से बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने संतोष वर्मा के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कही है। शर्मा ने कहा- मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से मैं बहुत आहत हूं। बेटी संसार में किसी की भी हो, बेटी वंदनीय, पूजनीय है।
बता दें कि अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में सीनियर आईएएस अधिकारी और नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा ने कहा था कि जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान नहीं देता या उससे संबंध नहीं बनता, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए।
शर्मा बोले- बेटी का अपमान सार्वजनिक अपराध
विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ ये हमारा लक्ष्य है। किसी भी बेटी का अपमान करना, अनैतिक अभद्र, अपमानजनक, जाति-समुदाय विशेष के खिलाफ टिप्पणी करना ये सार्वजनिक अपराध है।
इसके खिलाफ जल्द से जल्द हमारी सरकार और केन्द्रीय कार्मिक मंत्रालय कार्रवाई करेगा। ऐसा मुझे विश्वास है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो मैं व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में जाकर इस्तगासा (निजी परिवाद) पेश करूंगा।