प्रतापगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में प्रदेशभर में विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन एवं मोटे अनाज (मिलेट्स/श्री अन्न) के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रतापगढ़ जिले के पिपलकूट स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार पामेचा ने विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किया।
पामेचा ने विद्यार्थियों को मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, कुटकी, सावां, चौलाई आदि के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिलेट्स ऊर्जा, प्रोटीन, फाइबर और आवश्यक खनिजों से भरपूर होते हैं। इनका नियमित सेवन मोटापा, मधुमेह और पाचन संबंधी बीमारियों से बचाव में सहायक है।
इसके विपरीत, अत्यधिक जंक फूड, पैकेज्ड स्नैक्स एवं मीठे पेय पदार्थों के सेवन से बच्चों में मोटापा, ब्लड प्रेशर, दांतों की सड़न, थकान और ध्यान केंद्रित करने में कमी जैसी समस्याएँ बढ़ती हैं।
उन्होंने बच्चों को खाद्य वस्तुओं की खरीद के दौरान फूड लेबल, एक्सपायरी डेट और एफएसएसएआई मार्क अवश्य जांचने की सलाह दी। साथ ही घर का ताजा भोजन, हरी सब्जियाँ, फल और मिलेट्स आधारित व्यंजनों को अधिक से अधिक अपनाने पर जोर दिया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए गए और ईट राइट इंडिया अभियान के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय प्रभारी प्रिंसिपल आर. एल. मीणा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत प्रभावी हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के 332 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अध्यापक अर्चिता, शारदा, कोमल, शुभम, जालंधरनाथ और राहुल उपस्थित रहे।