चित्तौड़गढ़। श्री सांवलिया जी बहुउद्देशीय विकलांग सेवा संस्थान में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के सचिव सुनील कुमार गोयल द्वारा अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर श्री सांवलिया जी बहुउद्देशीय विकलांग सेवा संस्थान, चित्तौड़गढ़ में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन एवं संस्थान का निरीक्षण किया गया। सचिव गोयल ने बताया कि इस दिन का उद्देश्य विकलांगता से जुड़े मुद्दों की समझ को बढ़ावा देना और विकलांग व्यक्तियों के सम्मान, अधिकारों और कल्याण के लिए समर्थन जुटाना है। इसका उद्देश्य राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक जीवन के हर पहलू में विकलांग व्यक्तियों के एकीकरण से होने वाले लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी है। इसके साथ ही उन्होनें नालसा व रालसा द्वारा संचालित दिव्यांग जन योजना एवं सरकार द्वारा पारित दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के बारे में उपस्थित जनों को बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती भारती गहलोत पैनल अधिवक्ता एवं काउंसलर द्वारा भी उपस्थित जनों को दिव्यांगता से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर जानकारी प्रदान की गयी। इस अवसर पर संस्थान में खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया एवं विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान उप निदेशक जितेंद्र गढ़वाल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, संचालक ओमप्रकाश जोशी, अधिवक्ता भारती गहलोत, और विधि प्रशिक्षणार्थी हितेंद्र राजावत आदि उपस्थित रहे।