नीमच। बुधवार 3 दिसंबर को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं एसडीएम संजय साहू ने अचानक कमल चौक चौराहा पहुंचकर सड़क चौड़ीकरण व प्रस्तावित पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया भी मौजूद रहीं। नपाध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि भारत माता चौराहा के पीछे पुस्तक बाजार से कमल चौक तक सड़क चौड़ीकरण कार्य जारी है। वर्तमान में 4 मीटर चौड़ी सड़क को 8 मीटर तक विस्तृत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र को बेहतर स्वरूप मिले और यातायात सुगम हो।
उन्होंने बताया कि कमल चौक से भारत माता चौराहा तक पार्किंग हेतु आरक्षित स्थल पर शीघ्र ही विधायक और कलेक्टर के साथ चर्चा कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना तथा नागरिकों को पार्किंग से संबंधित समस्याओं से राहत दिलाना है। चोपड़ा ने बताया कि पूर्व में पार्किंग का ठेका आवंटित करने के लिए कई बार टेंडर निकाले गए, लेकिन पर्याप्त आवेदन न मिलने के कारण प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। अब नगर पालिका द्वारा नई योजना बनाकर पार्किंग व्यवस्था को जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा।