उज्जैन। नागदा रेलवे स्टेशन पर आज एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ जीआरपी के आरक्षक द्वारा की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गंभीर हो गया। इस पूरे प्रकरण की जानकारी सबसे पहले नागदा के पार्षद प्रकाश जैन को मिली। उन्होंने वीडियो देखने के बाद तुरंत रेल एसपी रतलाम पद्मविलुचन शुक्ला को इसकी सूचना दी और पूरे मामले से अवगत कराया।
पार्षद जैन की शिकायत पर एसपी रेल ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और जीआरपी चौकी नागदा में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक 318 मानसिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद आरक्षक को रेल पुलिस लाइन इंदौर भेज दिया गया है।
पार्षद प्रकाश जैन ने बताया कि स्टेशन पर एक दिव्यांग व्यक्ति लेटा हुआ था, तभी एक आरक्षक ने उसके साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही उन्होंने इसे बेहद गंभीर मानते हुए एसपी रेल से चर्चा की और दिव्यांग व्यक्ति को त्वरित न्याय दिलाने की मांग की।
रेलवे पुलिस ने नियमों के उल्लंघन और अनुशासनहीनता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई कर आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है।