नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के महू-नसीराबाद हाईवे पर मालखेड़ा फंटे के पास गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां 35 टन कपास से भरा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए, जिन्हें सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र पाटीदार ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
आरटीओ कर्मचारियों पर अवैध वसूली के आरोप
ट्रक चालक खियाराम जाट और प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के लिए आरटीओ विभाग के कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर अवैध वसूली व लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। चालक के अनुसार, वह हैदराबाद से नागौर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर आरटीओ के तीन कर्मचारियों ने बिना किसी बैरिकेड के अचानक ट्रक रोकने की कोशिश की, जिससे आगे चल रही दो कारों और एक बाइक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। चालक ने वाहनों को बचाने की कोशिश में ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ा दिया, जिससे ट्रक पलट गया।
हादसे के बाद आरटीओ कर्मचारी मौके से फरार-
घायल दंपती की पहचान प्रदीप उर्फ बंटी पाटीदार और उनकी पत्नी, निवासी देवरी खवासा, के रूप में हुई है। वे एक सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेने राजस्थान जा रहे थे। ट्रक पलटते ही आरटीओ कर्मचारी अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गए।
चालक का विरोध, पुलिस ने खिड़की तोड़कर निकाला-
हादसे की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। ट्रक चालक ने आरटीओ कर्मचारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए केबिन में बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी समझाइश के बाद भी जब वह नीचे नहीं उतरा तो पुलिस ने केबिन की खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकाला और हिरासत में लिया। इसके बाद कपास की बोरियों को हटवाकर क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करवाया गया। कार्रवाई के दौरान जेतपुरा फंटा क्षेत्र में लंबा जाम लग गया, जिसे करीब ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर में बहाल किया जा सका।