नीमच। शासकीय मेडिकल कॉलेज नीमच एवं संबद्ध विजयराजे सिंधिया जिला चिकित्सालय में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एचआईवी पॉजिटिव मरीज की सफल सर्जरी की गई। इसके साथ ही सर्जरी टीम को संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम संबंधी विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय एक पुरुष (नाम गोपनीय) की अचानक हुए हादसे में पैर की हड्डी टूट गई थी। वे पहले एक निजी अस्पताल गए, परंतु एचआईवी पॉजिटिव होने के कारण वहाँ उपचार का खर्च अधिक था। इसके बाद वे जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहाँ मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं अस्थिरोग विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत कुमार आचार्य ने आवश्यक परीक्षण के बाद सर्जरी की सलाह दी।
एचआईवी संक्रमित मरीज की सर्जरी हेतु ऑपरेशन थिएटर में विशेष सावधानियों, सुरक्षा किट एवं संक्रमण-रोध उपायों की आवश्यकता होती है। इस हेतु डीन डॉ. आदित्य बेराड़ एवं अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटिल ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करवाईं।
सर्जरी टीम में ट्रॉमा एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. पुनीत आचार्य, सीनियर रेजिडेंट डॉ. दिव्यम पाण्डे, डॉ. शिववीर सिंह, डॉ. अतुल सोलंकी, इंटर्न डॉक्टर्स एवं नर्सिंग स्टाफ शामिल रहे। सर्जरी के दौरान टीम को एचआईवी संक्रमित मरीज की सर्जरी में अपनाई जाने वाली सुरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।
निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पाटीदार एवं डॉ. स्मिता वागमोडे ने मरीज को सफलतापूर्वक क्षेत्रीय निश्चेतना प्रदान की।
विश्व एड्स दिवस पर आयोजित इस विशेष सर्जरी एवं संक्रमण-रोध प्रशिक्षण को डीन डॉ. बेराड़ एवं डॉ. पाटिल के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। इस दौरान ओटी प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर सविता अमलियार, कल्पना मुछावत तथा टेक्नीशियन ऋषभ गुप्ता, रामराज, कैलाश आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।