चित्तौड़गढ़। नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि आगामी समय में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस संगठन, आम जनता के हितों तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा।
सिसोदिया ने बताया कि 7 दिसंबर को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव एवं संभाग प्रभारी ऋतिक मकवाना, पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, रामलाल जाट, अशोक चांदना, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चौपदार, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी सहित जिले के सभी पूर्व सांसद और पूर्व विधायक शामिल होंगे।
इस अवसर पर एआईसीसी-पीसीसी सदस्य, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठ विभागों के पदाधिकारी तथा नगर निकाय व पंचायत राज के प्रतिनिधियों सहित सभी कांग्रेसजनों से कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की गई है।
सिसोदिया ने यह भी बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली में एसआईआर की महा रैली में जिले की पांचों विधानसभाओं से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने की तैयारियां की जा रही हैं।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव डॉ. ललित बोरीवाल, बड़ी सादड़ी से पूर्व प्रत्याशी बद्रीलाल जाट ‘जगपुरा’, वरिष्ठ नेता सुमंत सुवालका, जिला महामंत्री एहसान पठान, निर्मल जैन, अनिल शेट्टी, जिला सचिव दिनेश गुर्जर सहित कई कांग्रेसजन मंच पर उपस्थित रहे।
युवा प्रदेश सचिव चक्षु शर्मा, एआईसीसी प्रदेश सचिव अजय लोट, शिल्पन साहू, गोटू अली सहित अनेक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।