भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में एक कीमती चंदन का पेड़ काट दिया गया। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में पेड़ काटने में तो सफल हो गए, लेकिन भारी होने की वजह से उसे उठाकर ले नहीं जा सके। सुबह सुरक्षाकर्मियों को पेड़ कटा हुआ मिला, जिसे तुरंत कब्जे में ले लिया गया। मामला सामने आते ही विपक्षी कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और आर.के. दोगने ने कहा- “यह प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत है, जहाँ मुख्यमंत्री से लेकर सारे मंत्री-विधायक और भारी पुलिस बल मौजूद रहता है। यहाँ चंदन का पेड़ कट जाए और कोई पता न चले, यह बहुत गंभीर मामला है। इससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठता है। कैमरे लगे हैं, फिर भी चोर नहीं पकड़े जा रहे। विधानसभा की सुरक्षा ही नहीं हो सकती तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी? अगर यहाँ आतंकवादी घुस जाएं तो सरकार क्या करेगी?”
वहीं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शांतिपूर्ण जवाब देते हुए कहा-“जो भी उचित कार्रवाई होगी, सरकार करेगी। इस मामले में निर्णय लेकर सख्त एक्शन लिया जाएगा।” पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी मनीष भारद्वाज ने बताया- “विधानसभा सचिवालय से सूचना मिली थी। हमने विशेष टीम गठित कर दी है। सभी ब्ब्ज्ट फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अंदर के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।” घटना की गंभीरता को देखते हुए हाई लेवल पर जांच के आदेश दिए गए हैं।