देवास। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास द्वारा कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में अकृषि ऋण एवं मध्यमकालीन कृषि ऋणों में योजना के प्रकरणों की स्वीकृति एवं वितरण किया गया है। कलेक्टर सिंह के मार्गदर्शन में आचार्य विद्यासागर योजना में 78 प्रकरणों में चार करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास परमजीत सिंह पुरी ने बताया कि विगत वर्षों से जिले के लगभग 01 लाख 78 हजार कृषकों को सतत रूप से सेवाएं प्रदान की जा रही है। बैंक द्वारा इसी परिप्रेक्ष्य में मध्यप्रदेश शासन की आचार्य विद्यासागर गोसंवर्धन योजना के अधीन जिले में सर्वाधिक 78 प्रकरणों में 04 करोड़ 62 लाख 50 हजार की राशि स्वीकृत की गई है, जो कि उज्जैन संभाग में सर्वाधिक है। साथ ही बैंक द्वारा वाहन ऋण, व्यक्तिगत ऋण, टेक्टर ऋण, मछलीपालन, पशुपालन ऋण कृषि यंत्र ऋण भी स्वीकृत किये जा रहे है। बैंक से संबंद्ध सहकारी संस्थाओं के पात्र कृषक सदस्यों को यदि ऋण की आवश्यकता है, तो वे अपनी नजदीकी सहकारी संस्था एवं समीपस्थ शाखा में संपर्क कर आवेदन कर सकते है।
ऋण वितरण प्रक्रिया को आसान करने के लिए बनाया कंट्रोल रूम-
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास ने देवास जिले के किसानों को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित देवास से कृषि यंत्रों एवं कृषि ऋण वितरण समयावधि में व सुविधापूर्ण तरीके से किए जाने के उद्देश्य से तथा किसानों को ऋण वितरण में होने वाली समस्याओं के निराकरण करने की दृष्टि से जिला बैंक देवास में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) बनाया गया हैं। जिले के किसान ऋण वितरण की संपूर्ण प्रकिया की जानकारी प्राप्त करने, ऋण संबंधी जानकारी व अन्य संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए कन्ट्रोल रूम में नंबर 0755-2840615 एवं मोबाइल नम्बर 92855-08005 पर संपर्क कर सकते हैं।