छतरपुर। जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बड़ा हादसा हो गया है, जहाँ एक अनियंत्रित यात्री बस पलट गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, यह बस चंदला से छतरपुर की ओर जा रही थी और ग्राम खड्डी एवं पहरा के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में बस में सवार आठ यात्रियों को चोटें आई हैं, हालांकि, किसी गंभीर हताहत की खबर नहीं है। बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की जाँच की जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गौरिहार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने यातायात को सामान्य करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जाँच की जा रही है।