जावद। स्टेशन रोड पर बने नाले के खुले चैंबर ने नगर में बड़ा हादसा होने से बचा लिया। बीते दिनों सड़क किनारे बने लगभग 10 फीट गहरे चैंबर में एक महिला अचानक गिर गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद ने बारिश के दौरान पानी निकासी के लिए स्टेशन रोड पर नाले का निर्माण कराया था। निर्माण के बाद चैंबर तो बना दिया गया, लेकिन उसे ढका नहीं गया। इसी लापरवाही के चलते महिला चैंबर में जा गिरी।

पास स्थित कपड़ा दुकान के व्यापारी ने बताया कि यह चैंबर लंबे समय से खुला पड़ा है। इसके कारण रोजाना यहां से गुजरने वाले वाहन चालक, राहगीर और छात्र-छात्राएं कई बार हादसे से बाल-बाल बच चुके हैं। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि बार-बार सूचना देने के बावजूद चैंबर को ढंकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने एसडीएम एवं नगर परिषद प्रशासन से खुले चैंबर को तुरंत ढंकने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
