मुरैना। शहर में मोटरसाइकिल से स्टंट कर सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले युवाओं पर मुरैना यातायात पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। कुछ युवाओं द्वारा संगठित रूप से गैंग के रूप में परेड ग्राउंड, वीआईपी रोड, जीवाजी गंज एवं राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-44 सहित कई प्रमुख सड़कों पर खतरनाक स्टंट किए जा रहे थे।
युवक न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्वयं व अन्य राहगीरों के जीवन को खतरे में डाल रहे थे, बल्कि इन खतरनाक करतबों के वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम, फेसबुक आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपलोड कर अन्य युवाओं को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
इस गंभीर मामले पर पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने संज्ञान लेते हुए ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने हेतु यातायात पुलिस को निर्देशित किया।
निर्देशानुसार, थाना प्रभारी यातायात मुरैना के नेतृत्व में यातायात टीम ने संबंधित बाइक राइडर्स की पहचान कर 1 दिसंबर 2025 को बैरियल चौराहा पर विशेष घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान कुल 09 स्टंटबाज बाइक राइडर्स को एक साथ पकड़ा गया। सभी पर मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जिला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय ने 09 में से 01 वाहन को ₹12,500 समन शुल्क जमा करवाने के बाद छोड़ने का आदेश दिया, जबकि शेष 08 वाहनों पर न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है।