शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के रामनगर गाँव में परमानंद धाकड़ की मौत के मामले में परिहार समाज के सदस्यों ने खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए शिवपुरी पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और न्यायोचित जांच की मांग की। मामले में आरोपी बनाए गए उत्तम परिहार, जगदीश परिहार, विशाल परिहार और सीमा परिहार ने बताया कि उनका मृतक परमानंद से किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं था। उनका दावा है कि विवाद केवल हाकिम धाकड़ से हुआ था।
परिहार पक्ष के अनुसार, हाकिम धाकड़ 30 नवंबर को उनकी दुकान पर आया था। पैसे न होने पर सामान न देने पर उसने जातिसूचक गालियां दीं और धमकी देकर चला गया था। इस घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और कोलारस थाना पुलिस को दी गई थी, और पुलिस ने उनका लिखित आवेदन भी दर्ज किया था।
परिहार परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि झूठे मामले में फंसाने का प्रयास कर रहे पक्ष पर कार्रवाई करने और घटना के दोषियों की पहचान की जाए। परिहार पक्ष का विश्वास है कि निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी और वे दोषमुक्त साबित होंगे। उन्होंने एसपी से न्यायपूर्ण कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।