मंदसौर/शामगढ़। मंदसौर जिले के शांत कस्बे शामगढ़ में उस समय तनाव फैल गया जब 12वीं में पढ़ने वाली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया। गुरुवार रात वीडियो वायरल होने के बाद शहर में आक्रोश पनपा और फिर शुक्रवार सुबह पूरा नगर बंद हो गया। भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
चाकू की नोक पर बनाया वीडियो, फिरौती में मांगे 5 लाख
राव कॉलोनी निवासी रिहान पिता शाकिर अब्बासी और बाबू पिता रिहान शाह पर आरोप है कि उन्होंने नाबालिग छात्रा को चाकू की नोक पर धमकाकर जबरन अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो बनाने के बाद उन्होंने पीड़िता के परिवार से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। डर के कारण परिवार ने दो लाख रुपए नकद दे भी दिए, लेकिन शेष रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने गुरुवार शाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रिहान ने उसकी मां के मोबाइल से वीडियो बनाकर अपने फोन में ट्रांसफर किया और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही जनाक्रोश फूटा, थाने का घेराव
गुरुवार देर रात वीडियो वायरल होने की खबर लगते ही सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए। भीड़ ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
शुक्रवार सुबह हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए नगर बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर रहा। बाजार, दुकाने, स्कूल-कॉलेज सब बंद रहे। स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी-
गरोठ एएसपी हेमलता कुरील ने बताया कि दोनों आरोपियों रिहान व बाबू को गिरफ्तार कर लिया गया है। नगर परिषद सीएमओ सुरेश यादव को थाने बुलाया गया है। बुलडोजर कार्रवाई पर चर्चा चल रही है और आरोपियों के घरों पर प्रशासनिक कार्रवाई संभव है। नगर परिषद ने आरोपियों के घरों का नल कनेक्शन काट दिया है और नाप-जोख (नपती) शुरू कर दी है। भीड़ आरोपियों के घर तोड़ने की मांग कर रही है।
आरोपियों पर आईपीसी, पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला-
शामगढ़ पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है जिसमें आईपीसी की गंभीर धाराएं, पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट शामिल हैं। सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति और एएसपी हेमलता कुरील ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने की कोशिश की।
कैसे हुआ अपराध- घर में घुसकर चाकू की नोक पर बनाया वीडियो
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी रिहान उसका पुराना परिचित था। 6 नवंबर को पीड़िता के घर पर कोई नहीं था, तभी रिहान चाकू लेकर अंदर घुस गया। उसने धमकी दी कि यदि वह बात नहीं मानेगी तो पुराने फोटो वायरल कर देगा। इसके बाद उसने जबरन अश्लील वीडियो बनाया और बाद में पैसों की मांग कर ब्लैकमेल करने लगा। जब परिवार ने आगे पैसे देने से इंकार किया तो आरोपी ने गुरुवार को वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद ही पीड़िता ने परिजनों को सब बताया और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नगर में तनाव, पुलिस अलर्ट पर-
घटना के बाद नगर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है और अधिकारी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि और स्थानीय समाजजन भी पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।