नीमच। कड़ाके की सर्दी के बीच नवजात शिशुओं को गर्माहट देने का सराहनीय कार्य शुक्रवार को जिला चिकित्सालय में देखने को मिला। महावीर इंटरनेशनल, महिला विंग प्रियदर्शिनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए “सुकून भरी सर्दी” अभियान के तहत नवजात शिशुओं को 60 गर्म कंबल वितरित किए।
संस्था, जो ‘सबकी सेवा, सबको प्यार’ और ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत पर कार्यरत है, लगातार जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने के प्रकल्पों में जुटी रहती है। आज का कार्यक्रम भी उसी सेवा श्रृंखला का हिस्सा रहा।
कार्यक्रम रतलामदृनीमच जोन की चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन, वुमेन्स एम्पायर की डिप्टी डायरेक्टर आशा सांभर तथा ज़ोन सेक्रेटरी संतरा विरवाल के सानिध्य में आयोजित किया गया। महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी की अध्यक्ष रज़िया अहमद ने अपनी पौत्री हैजल के जन्म उत्सव को मानवता की सेवा से जोड़ते हुए 60 कंबलों का वितरण करवाया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था “हर नवजात सुरक्षित और स्वस्थ रहे”। इसके साथ ही महिला विंग प्रियदर्शिनी की सदस्यों ने ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर वृद्धजनों को डायपर और आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इस अवसर पर संगीता भामावत, प्रियंका पितलिया, आकांक्षा प्लास, उमा शर्मा और प्रियंका मोगरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।